अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi News: साहिबगंज जिले ने आज राष्ट्रीय स्तर पर खेल के क्षेत्र में एक अभूतपूर्व उपलब्धि हासिल की है। जिले के सिदो कान्हू स्टेडियम में संचालित आवासीय बालक एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र के सभी प्रशिक्षु खिलाड़ी इस बार 69वीं नेशनल स्कूल गेम्स एथलेटिक्स प्रतियोगिता में झारखंड राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह जिले के खेल इतिहास के लिए एक अत्यंत गर्व का क्षण है।
स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) द्वारा आयोजित यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता 13 से 17 दिसंबर 2025 तक गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, लखनऊ (उत्तर प्रदेश) में आयोजित की जा रही है। साहिबगंज के कुल 6 प्रतिभाशाली एथलीट इस राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने को तैयार हैं। इन सभी खिलाड़ियों का संबंध प्लस टू राजस्थान हाई स्कूल, साहिबगंज से है, और ये अपने समर्पित कोच योगेश यादव के मार्गदर्शन में लगातार पसीना बहा रहे हैं।
जेवलिन थ्रो से लेकर हर्डल्स तक, पदक पर है निगाह
लखनऊ रवाना होने से पहले, इन युवा खिलाड़ियों ने झारखंड एजुकेशन प्रोजेक्ट काउंसिल, रांची की ओर से आयोजित 20-दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर में बोकारो के चंदनक्यारी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में भी प्रशिक्षण लिया था।
प्रतियोगिता में शामिल होने वाले प्रमुख खिलाड़ी और उनके इवेंट इस प्रकार हैं:
- पृथ्वीराज मंडल – जेवलिन थ्रो
- परमा हांसदा – 4×100 मीटर रिले
- एमानुएल किस्कू – 110 मीटर हर्डल्स एवं 4×100 मीटर रिले
- प्रेम चंद मुर्मू – हैमर थ्रो
- जमशेद अंसारी – 5000 मीटर पैदल चाल
- कृष्ण कुमार – 4×400 मीटर रिले
इन खिलाड़ियों से न केवल साहिबगंज जिले को, बल्कि पूरे झारखंड राज्य को पदक की प्रबल उम्मीदें हैं। जिले के उपायुक्त हेमंत सती, उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों और खेल प्रेमियों ने इन युवा एथलीटों और उनके कोच को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। इन युवा खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण पूरे झारखंड के लिए प्रेरणा बनेगा।

