Jamshedpur : टेल्को थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई के दौरान बड़ा विवाद खड़ा हो गया। गोलमुरी ट्रैफिक थाना की टीम द्वारा चलाए जा रहे वाहन जांच अभियान में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक स्कूटी सवार महिला अपनी छोटी बच्ची के साथ हादसे की शिकार हो गई।
जानकारी के अनुसार, जी हॉस्टल के पास ट्रैफिक पुलिस वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान महिला अपनी बच्ची के साथ स्कूटी से गुजर रही थी। पुलिस को देखकर वह घबरा गई और स्कूटी मोड़कर वापस लौटने लगी। तभी ट्रैफिक थाना के सिपाही कमलेश राय ने उसे रोकने की कोशिश की और दौड़ते हुए धक्का दे दिया, जिससे महिला स्कूटी सहित सड़क पर गिर पड़ी और घायल हो गई।
घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए और ट्रैफिक पुलिस के खिलाफ हंगामा करने लगे। लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस की इस लापरवाही से महिला और उसकी बच्ची की जान भी जा सकती थी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, महिला के गिरते ही आरोपित सिपाही कमलेश राय मौके से भाग निकला। इसके कुछ देर बाद पहुंचे अन्य पुलिसकर्मियों ने भी स्थिति को संभालने के बजाय महिला की स्कूटी को पीछे से धक्का दे दिया, जिससे मामला और बिगड़ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मौके पर एक ट्रैफिक जवान हेलमेट पहनकर भागने में सफल रहा, जबकि दूसरा जवान जो सफेद रंग की फाइबर टोपी पहने था, भीड़ में घिर गया। जब लोगों ने उससे हेलमेट के बारे में सवाल किया तो वह कुछ जवाब नहीं दे सका और कुछ देर बाद चुपचाप निकल गया।
घायल महिला को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। इस घटना के बाद टेल्को और गोलमुरी ट्रैफिक पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठे हैं।
स्थानीय लोगों ने दोषी पुलिसकर्मी पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। इस संबंध में ट्रैफिक डीएसपी नीरज ने कहा कि अभी तक कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन मामले की जांच की जाएगी और तथ्य सामने आने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।



