Ranchi : रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने गुरुवार को हटिया रेलवे स्टेशन पर नशा तस्करी के खिलाफ नई सफलता हासिल की। RPF टीम ने मौर्या एक्सप्रेस (15027) की जांच के दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से 30 किलो गांजा बरामद किया। बरामद मादक पदार्थ की बाजार कीमत लगभग तीन लाख रुपये आंकी गई है।

RPF की SI साधना कुमारी ने बताया कि कमांडेंट पवन कुमार के निर्देश पर स्टेशन पर सुरक्षा जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान हटिया RPF पोस्ट की अधिकारी और फ्लाइंग टीम प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर पहुंचे, जहां मौर्या एक्सप्रेस के कोच बी/01 में दो व्यक्ति संदिग्ध स्थिति में सोते पाए गए। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम अभिषेक सिंह (31) और गोविंद कुमार (33) बताया, जो बिहार के बक्सर जिले के रहने वाले हैं।

संदेह गहराने पर दोनों के ट्रॉली बैग की तलाशी ली गई। तलाशी में पाया गया कि बैग में भूरे प्लास्टिक में लिपटे कुल 14 पैकेट रखे हैं। बैग से आठ पैकेट अभिषेक सिंह के और छह पैकेट गोविंद कुमार के निकले। मौके पर पहुंचे असिस्टेंट सिक्योरिटी कमिश्नर, RPF मूरी के निर्देशानुसार पैकेटों की डीडी किट से जांच की गई, जिसमें सभी में गांजा पॉजिटिव पाया गया।

बरामद गांजा का वजन करने पर यह 30 किलो निकला। जब्त सामग्री को RPF टीम ने कब्जे में ले लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि उन्होंने यह गांजा ओडिशा के राउरकेला से खरीदा था। उनका कहना था कि रांची बस स्टैंड पर राकेश नामक व्यक्ति के कहने पर इसे किसी अन्य व्यक्ति को सौंपने जा रहे थे।

RPF अधिकारियों ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपितों को जब्त गांजा और अन्य सामान के साथ GRP हटिया को सौंप दिया। इस कार्रवाई से रेलवे स्टेशन पर नशा तस्करी के नेटवर्क पर करारा प्रहार हुआ है। RPF ने यात्रियों से अपील की है कि संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत सुरक्षा कर्मियों को दें, ताकि इस तरह के अपराधों पर रोक लगाई जा सके।

Share.
Exit mobile version