Patna: बिहार के रोहतास जिले में सोमवार की अहले सुबह एक रूह कंपा देने वाला सड़क हादसा पेश आया, जिसमें पांच लोगों की असमय मौत हो गई। यह दुर्घटना राष्ट्रीय राजमार्ग 319 पर दिनारा थाना क्षेत्र के मठिया गांव के समीप हुई। जानकारी के अनुसार, एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी बस और पिकअप में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे शादी की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं।
हादसे का शिकार हुए सभी लोग चेनारी थाना क्षेत्र के लोधी गांव में आयोजित एक तिलक समारोह में शामिल होकर वापस अपने गांव लौट रहे थे। सोमवार सुबह करीब तीन बजे जब बस और पिकअप में सवार यात्री मठिया गांव के पास राजमार्ग पर उतर रहे थे, तभी पीछे से आ रहे काले रंग के तेज रफ्तार ट्रक ने दोनों वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि पांच लोग वाहनों के नीचे दब गए और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस हृदयविदारक घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
मृतकों की पहचान करगहर के भगवानपुर निवासी रामव्रत सिंह, मठिया गांव निवासी और वधु पक्ष के पिता अशोक सिंह, पिंटू सिंह और रजनीश कुमार के रूप में हुई है, जबकि एक अन्य मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि सभी मृतक एक ही परिवार के सदस्य थे, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब अपनों की मौत का कोहराम मचा हुआ है।



