चैनपुर(गुमला): उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित और पुलिस अधीक्षक हरीश बिन ज़मां के निर्देश पर गुरुवार को चैनपुर चौक पर एक विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता और वाहन जांच अभियान चलाया गया। साप्ताहिक बाजार के दिन दोपहर 12:30 बजे से 01:30 बजे तक मोटरयान निरीक्षक रॉबिन अजय सिंह के नेतृत्व में और सड़क सुरक्षा प्रबंधक कुमार प्रभाष के सहयोग से यह अभियान चला।अभियान के दौरान, 25 से 30 मोटरसाइकिल चालकों को ट्रैफिक नियमों के पालन, हेलमेट पहनने की अनिवार्यता, वैध ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन बीमा और प्रदूषण प्रमाण पत्र जैसे आवश्यक दस्तावेजों को साथ रखने के बारे में जागरूक किया गया। सड़क सुरक्षा टीम ने मौके पर ही चालकों की काउंसलिंग भी की, जिसमें उन्हें बताया गया कि सुरक्षा उपकरणों का उपयोग न केवल उनकी अपनी जान बचाता है, बल्कि सड़क पर दूसरों की सुरक्षा के लिए भी महत्वपूर्ण है।जांच के दौरान, जिन चालकों के पास आवश्यक कागजात नहीं थे, उनके खिलाफ परिवहन अधिनियम के तहत दंडात्मक कार्रवाई की गई।



