अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Jharkhand News: पलामू जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे 75 पर बुधवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। घटना सतबरवा के ताबर गांव के पास की है, जहां एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे गिर गई।
मृतकों की पहचान सरजा पंचायत के होटाई गांव निवासी राजबली भुइयां (28) और झाबर पंचायत के पीडिया गांव निवासी रूपदेव उरांव (28) के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार, दोनों युवक सतबरवा के हाट बाजार से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे ताबर गांव के समीप पहुंचे, बाइक (नंबर JH 03A 4770) अनियंत्रित हो गई और पुलिया से नीचे जा गिरी।
घटना की सूचना मिलते ही सतबरवा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को घायल अवस्था में इलाज के लिए तुंबागड़ा नवजीवन अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने राजबली को मृत घोषित कर दिया, जबकि रूपदेव को गंभीर हालत में मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज (एमएमसीएच) भेजा गया। दुर्भाग्यवश रास्ते में ही दुबियाखाड़ा के पास उसकी भी मौत हो गई। इसके बाद पोस्टमार्टम कर शवों को परिजनों को सौंप दिया गया।
घटना के बाद मृतकों के घरों में कोहराम मच गया है। परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। पूर्व मुखिया पति एवं सामाजिक कार्यकर्ता आनंद कुमार ने राजबली के अंतिम संस्कार में शामिल होकर परिजनों को ढांढस बंधाया और सरकारी मदद दिलाने का आश्वासन दिया। सतबरवा थाना प्रभारी विश्वनाथ कुमार राणा ने बताया कि बाइक को जब्त कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

