Jharkhand News: खूंटी जिले के तोरपा प्रखंड में संचालित बीकेबी मेमोरियल पब्लिक स्कूल को अब नई दिशा और ऊर्जा मिलने वाली है। बिहार के सेवानिवृत्त पुलिस महानिरीक्षक (IG) प्रांतोष कुमार दास ने इस स्कूल को गोद लेने की घोषणा की है। उन्होंने यह ऐलान मंगलवार को स्कूल परिसर में आयोजित एक विशेष समारोह के दौरान किया।
सेवानिवृत्त IG पी.के. दास वर्तमान में भागलपुर में एक संग्रहालय का भी संचालन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि वे बीकेबी स्कूल के सर्वांगीण विकास के लिए हरसंभव सहयोग देंगे, ताकि यहां के छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
इससे एक दिन पहले, सोमवार को उन्होंने स्कूल का दौरा किया और बच्चों एवं शिक्षकों से बातचीत की। स्कूल पहुंचने पर संस्थापक व प्राचार्य डॉ. लक्ष्मीकांत बड़ाइक ने उन्हें अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया, वहीं छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक अंदाज़ में उनका स्वागत किया।
IG दास ने स्कूल परिवार को भागलपुर स्थित उनके संग्रहालय का भ्रमण करने के लिए भी आमंत्रित किया। बच्चों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि “शिक्षा ही व्यक्ति का सबसे बड़ा हथियार है” और उन्होंने सभी छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।
इस अवसर पर स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएं सौरभ बनर्जी, सत्येंद्र गोप, प्रभंजन नाग, सावित्री कुमारी, रिंकी कुमारी, रेशमा कोनगाड़ी, दीपमाला कुमारी, ज्योति कुमारी, रजनी तोपनो और कोमल शर्मा सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
IG दास की यह पहल न केवल स्कूल के विकास के लिए प्रेरणादायक है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम कदम भी मानी जा रही है।



