अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi News: रांची में रिम्स की एक बीएससी नर्सिंग की छात्रा के साथ शर्मनाक हरकत का मामला सामने आया है। आरोपी युवक ने छात्रा के नहाते समय खिड़की से झांककर वीडियो बना लिया। घटना गुरुवार दोपहर करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है। छात्रा ने समय रहते शोर मचाया, जिससे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई और आरोपी मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता रांची के रिम्स में बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई कर रही है और इंद्रप्रस्थ कॉलोनी, जोड़ा तालाब क्षेत्र में किराये के मकान में रहती है। उसी मोहल्ले में आरोपी मनीष कुमार उर्फ लिलूवा भी किराये पर रह रहा था।
पुलिस के अनुसार, घटना के समय छात्रा जब बाथरूम में नहा रही थी, तभी आरोपी ने खिड़की के शीशे को हटाकर उसका वीडियो बनाना शुरू कर दिया। छात्रा को जब इस घिनौनी हरकत का अहसास हुआ, तो उसने शोर मचाया। हल्ला सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए, लेकिन आरोपी वहां से भागने में कामयाब हो गया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद बरियातू थाना की टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के पिता को हिरासत में ले लिया। देर रात आरोपी युवक खुद थाने पहुंचा, जहां पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और उसके पिता को छोड़ दिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट और महिला की गोपनीयता भंग करने के तहत मामला दर्ज कर लिया है। घटना से मोहल्ले में आक्रोश है और लोग पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं।

