Ranchi News: रांची में बुधवार सुबह बड़ी कार्रवाई हुई, जब दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल, झारखंड एटीएस और रांची पुलिस की संयुक्त टीम ने इस्लामनगर स्थित तबरक लॉज से ISIS से जुड़े एक संदिग्ध आतंकी को गिरफ्तार किया। पकड़े गए युवक की पहचान असहर दानिश के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बोकारो जिले के पेटरवार का रहने वाला है।

सूत्रों के अनुसार, असहर दानिश लंबे समय से दिल्ली पुलिस की निगरानी में था। दिल्ली में उसके खिलाफ दर्ज एक मामले में पुलिस को उसकी तलाश थी। काफी समय से इनपुट मिलने के बाद यह संयुक्त कार्रवाई की गई और आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के दौरान उसके ठिकाने से कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं, जिनकी जांच सुरक्षा एजेंसियां कर रही हैं।

इसी कड़ी में दिल्ली पुलिस और झारखंड एटीएस की एक टीम ने पलामू जिले में भी छापेमारी कर एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में लिया है। उससे भी पूछताछ जारी है ताकि इस नेटवर्क के बारे में और जानकारी जुटाई जा सके।

फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां असहर दानिश से गहन पूछताछ कर रही हैं। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उसकी गतिविधियां कितनी गहरी थीं और वह किन-किन संपर्कों में था। इस गिरफ्तारी को पुलिस और एटीएस के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Share.
Exit mobile version