Ranchi News: राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस हत्याकांड के पीछे की वजह एक युवती के साथ हुए दु’ष्कर्म का बदला बताई जा रही है। इस मामले में रांची के डीआईजी सह एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने शनिवार को प्रेस वार्ता में जानकारी दी कि एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
एसएसपी के अनुसार, हत्याकांड की योजना पांच लोगों ने मिलकर बनाई थी, जिसमें एक युवती भी शामिल थी। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए युवक ने पूछताछ में बताया कि युवती के साथ खुदिया मुंडा ने दु’ष्कर्म किया था। इस बात की जानकारी युवती ने अपने प्रेमी को दी, जिससे नाराज होकर उसने खुदिया को सबक सिखाने की ठान ली और एक खौफनाक साजिश रची गई।
योजना के अनुसार, युवती ने खुदिया मुंडा को फोन कर रांची बुलाया। जब वह आया, तो युवती के प्रेमी और उसके साथियों ने उसे मौत के घाट उतार दिया। उसी समय खुदिया का चचेरा भाई लुका मुंडा भी वहां मौजूद था। उसने अपने भाई की हत्या होते हुए देख लिया, इसलिए साजिशकर्ताओं ने उसकी भी हत्या कर दी, ताकि कोई गवाह न बचे।
पुलिस ने बताया कि दोनों मृतक युवक- खुदिया मुंडा और लुका मुंडा, खूंटी जिले के भंडारा पंचायत स्थित चामडीह गांव के निवासी थे। 4 मई को वे अपने चाचा के श्राद्धकर्म का निमंत्रण देने के लिए स्कूटी से निकले थे। लेकिन 5 मई की रात धुर्वा थाना क्षेत्र के गरसूल तालाब के पास से दोनों के शव बरामद हुए। उनकी गला रेत कर हत्या की गई थी। घटनास्थल से कुछ आपत्तिजनक वस्तुएं भी बरामद की गई थीं। फिलहाल पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में लगी है। इस दोहरे हत्याकांड से इलाके में सनसनी फैल गई है, वहीं पुलिस इसे बेहद गंभीर मामला मानते हुए जांच में जुटी है।



