Ramgarh News: रामगढ़ जिले में बुधवार देर रात रामगढ़ शहर के एक निर्माणाधीन अपार्टमेंट में सिक्योरिटी गार्ड शंकर महतो और सहयोगी सुनील सिंह के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि शंकर ने नशे की हालत में कुल्हाड़ी से वार कर सुनील सिंह की हत्या कर दी। मृतक की पहचान बाजार समिति निवासी सुनील सिंह के रूप में हुई है।
थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे के अनुसार, घटना के बाद शंकर महतो खुद साइकिल से सीधे रामगढ़ थाने पहुंचा और हत्या का जुर्म कबूलकर आत्मसमर्पण कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और शंकर को गिरफ्तार कर लिया।
घटना के पीछे की वजह जानने पर शंकर महतो ने बताया कि उससे जितना काम कराया जाता, उतने पैसे नहीं दिए जा रहे थे। साथ ही, सुनील सिंह अक्सर उसके मालिक से शिकायत करता था, जिससे शंकर को डांट भी पड़ती थी। बुधवार को भी सुनील ने मालिक से शिकायत की थी। रात को गुस्से और शराब के नशे में शंकर ने सुनील पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला किया, खासकर कनपटी पर कई वार किए, जिससे घटनास्थल पर ही सुनील सिंह की मौत हो गई।
इस वारदात के बाद ड्यूटी स्थल और रामगढ़ इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है और हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी को कब्जे में लिया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी का मानसिक संतुलन और घटना के समय के हालात की भी पुष्टि की जाएगी। फिलहाल शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे विधिक कार्रवाई जारी है।



