अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
कोलकाता | एजेंसी
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान से ठीक पहले चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बैरकपुर में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी सरकार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने विश्वास जताया कि बंगाल में अब टीएमसी के कुशासन का युग समाप्त होने वाला है और भारतीय जनता पार्टी एक सशक्त और विकसित बंगाल के निर्माण के लिए सत्ता में आने को तैयार है।
Read more: भाजपा को मिला नया राष्ट्रीय अध्यक्ष, पीएम मोदी बोले—नितिन नबीन अब बॉस
राजनाथ सिंह ने महान साहित्यकार बंकिम चंद्र चटर्जी को याद करते हुए एक बड़ा चुनावी वादा किया। उन्होंने घोषणा की कि यदि बंगाल में भाजपा की सरकार बनती है, तो बंकिम बाबू के घर को एक भव्य टूरिस्ट स्पॉट के रूप में विकसित किया जाएगा, ताकि लोग उनके गौरवशाली इतिहास से रूबरू हो सकें। रक्षा मंत्री ने कहा कि जब देश गुलामी के अंधकार में डूबा हुआ था, तब बंकिम बाबू ने ‘वंदे मातरम’ के माध्यम से पूरे राष्ट्र में क्रांति की चिंगारी प्रज्वलित की थी। उन्होंने कहा कि बंकिम चंद्र ने केवल एक दीपक नहीं जलाया, बल्कि पूरे भारत की सोई हुई चेतना को जगाने का काम किया था।
राज्य की वर्तमान आर्थिक स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि जो बंगाल कभी हर क्षेत्र में देश का नेतृत्व करता था, वह आज टीएमसी की गलत नीतियों के कारण पिछड़ता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जहां देश के अन्य राज्य निवेश और उद्योगों को बढ़ावा दे रहे हैं, वहीं बंगाल में ममता सरकार के डर से पुराने उद्योग भी राज्य छोड़कर बाहर जा रहे हैं। राजनाथ सिंह के अनुसार, कानून-व्यवस्था और सरकारी असहयोग के चलते नए उद्योगपति बंगाल में निवेश करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि बंगाल के खोए हुए गौरव को वापस लाने के लिए परिवर्तन अनिवार्य है।
Read more: राजनाथ सिंह बोले- नक्सली क्षेत्रों में अब गूंजती है तरक्की की आवाज

