अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Araria : जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने अररिया में प्रेसवार्ता के दौरान आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि इस बार बिहार में NDA गठबंधन को 225 से अधिक सीटें मिलेंगी, जबकि विपक्षी दलों की हालत इतनी खराब होगी कि वे विपक्ष में बैठने लायक सीटें भी हासिल नहीं कर पाएंगे।
प्रसाद ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि ये दोनों दल केवल वादे करने में माहिर हैं, लेकिन जनता अब झूठ और भ्रम फैलाने वालों को अच्छी तरह पहचान चुकी है। उन्होंने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य में विकास की लंबी लकीर खींच दी है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश दुनिया की चौथी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बन चुका है।
उन्होंने आंकड़े पेश करते हुए बताया कि वर्तमान में जब वैश्विक विकास दर 3 फीसदी है, वहीं भारत का विकास दर 7.8 फीसदी और बिहार का 14 फीसदी है। यही कारण है कि इस बार का विधानसभा चुनाव “विकास बनाम झूठे वादों” के बीच होगा।
जदयू प्रवक्ता ने कहा कि नीतीश कुमार सरकार ने 51 लाख लोगों को रोजगार दिया है और आने वाले समय में एक करोड़ युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य तय किया है। उन्होंने दावा किया कि कोरोना काल के बाद से बिहार में पलायन पूरी तरह से रुक गया है और अब कामगार राज्य में ही रोजगार पा रहे हैं। जीविका दीदियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार उनके खाते में 10 हजार रुपये की सहायता राशि दे रही है और 2 लाख रुपये तक की मदद भी उपलब्ध करवा रही है।
प्रसाद ने आगे कहा कि नीतीश-मोदी की जोड़ी “परफॉर्मेंस की जोड़ी” है। बिहार में हर घर तक बिजली पहुंचाई गई है। आज राज्य में 8800 मेगावाट बिजली की खपत हो रही है, जिसमें 125 मेगावाट बिजली मुफ्त दी जा रही है। यह बिहार के समृद्ध और उन्नत भविष्य का संकेत है।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव जैसे नेता सिर्फ गाली-गलौज और झूठे प्रोपगेंडा में लगे हुए हैं। दरभंगा की एक रैली का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि विपक्षी मंच से प्रधानमंत्री की दिवंगत मां तक को अपशब्द कहे गए। बाद में भ्रम फैलाने की कोशिश की गई कि यह सब NDA द्वारा किया गया है, लेकिन बिहार की जनता ने विपक्ष के इस षड्यंत्र को सड़क पर उतरकर उजागर कर दिया।

