Ranchi News: झारखंड में पिछले कुछ दिनों से मानसून की रफ्तार थम गई है। बारिश रुकते ही गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। राजधानी रांची समेत कई जिलों में सोमवार को तेज धूप और चिपचिपी उमस ने आमजन को खूब परेशान किया।

मौसम विभाग के अनुसार, सरायकेला में सबसे ज्यादा 35 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। वहीं रांची में उमस का स्तर 95 प्रतिशत तक पहुंच गया, जिससे लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। बीते 24 घंटों में रांची में अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री, जमशेदपुर में 33 डिग्री, डाल्टनगंज में 33.8, बोकारो में 34.1 और चाईबासा में 34.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

हालांकि राहत की खबर यह है कि मौसम केंद्र रांची ने अगले पांच दिनों में कई जिलों में एक से दो बार हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना जताई है। विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद दो दिनों तक इसमें 2 से 3 डिग्री की गिरावट आ सकती है।

फिलहाल साफ आसमान और कड़ी धूप से लोगों को उमस और पसीने का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन आने वाली बारिश से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

Share.
Exit mobile version