Ranchi : दक्षिण पूर्व रेलवे के क्षेत्रीय रेलवे उपभोक्ता परामर्शदात्री समिति (जेडआरयूसीसी) के सदस्य अरुण जोशी ने मंगलवार को नई दिल्ली में रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी सतीश कुमार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने झारखंड में रेल सुविधाओं के विस्तार, नई ट्रेनों की शुरुआत, यात्री सेवाओं के उन्नयन और औद्योगिक क्षेत्रों को रेल संपर्क से जोड़ने जैसे कई अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।

अरुण जोशी ने बताया कि उन्होंने विशेष रूप से रांची से जयपुर के बीच सीधी ट्रेन सेवा शुरू करने की मांग रखी, जिसे चेयरमैन ने सकारात्मक रूप से स्वीकार किया और शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि रेलवे झारखंड में यात्रियों की सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

जोशी ने रेलवे की ओर से हाल के वर्षों में किए गए सुधारों और यात्रियों के हित में उठाए गए कदमों के लिए आभार जताया। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि झारखंड में रेल कनेक्टिविटी बढ़ाने की दिशा में रेलवे बोर्ड स्तर पर गंभीर पहल देखने को मिल रही है।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य के यात्रियों की अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए प्रस्तुत सभी सुझावों पर सकारात्मक विचार किया जाएगा, जिससे झारखंड में रेलवे नेटवर्क और यात्री सेवाओं को नई गति मिल सके।

Share.
Exit mobile version