Ranchi : झारखंड सरकार में कांग्रेस कोटे से मंत्री और लोकप्रिय युवा चेहरा शिल्पी नेहा तिर्की ने शनिवार को बिहार पहुंचकर राहुल गांधी की अगुवाई में चल रही वोटर अधिकार यात्रा में शिरकत की। कटिहार जिले के कुर्सेला शहीद स्मारक चौक से शुरू हुई इस यात्रा में उनके साथ लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव सहित कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।
यात्रा के दौरान शिल्पी नेहा तिर्की ने अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराते हुए कहा कि आज बिहार की सड़कों पर उमड़ी भीड़ यह साबित करती है कि जनता अपने वोट के अधिकार को बचाने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है। उन्होंने चुनाव आयोग के खिलाफ जनता के गुस्से को भी सामने रखा और कहा कि लोकतंत्र में जनता का अधिकार सबसे ऊपर है, जिसे छीनने नहीं दिया जाएगा।
इस यात्रा के दौरान एक महत्वपूर्ण पड़ाव पर कटिहार के कोढ़ा क्षेत्र में मखाना मजदूरों की समस्याओं को विस्तार से सुना गया। मजदूरों की पीड़ा सुनकर राहुल गांधी और अन्य नेताओं ने गहरी चिंता जताई। इस दौरान झारखंड की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की भी वहां मौजूद रहीं और मजदूरों की आवाज़ को मजबूती से उठाया।



