अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
India News: भारत और रूस की विशेष एवं विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी (Special and Privileged Strategic Partnership) के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शुक्रवार सुबह नई दिल्ली पहुंचे। उनकी इस महत्वपूर्ण यात्रा के दौरान, राष्ट्रपति भवन में एक भव्य औपचारिक स्वागत समारोह आयोजित किया गया।
राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं रूसी राष्ट्रपति का गर्मजोशी से स्वागत किया।
गार्ड ऑफ ऑनर और 21 तोपों की गूंज
राष्ट्रपति पुतिन को भारतीय सेना द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, साथ ही उन्हें 21 तोपों की सलामी भी दी गई, जो किसी राष्ट्राध्यक्ष को दिया जाने वाला सर्वोच्च सम्मान है। यह भव्य स्वागत दोनों देशों के बीच गहरे और स्थायी संबंधों को दर्शाता है।
राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत के बाद, रूसी राष्ट्रपति का अगला पड़ाव राजघाट रहा।
पुतिन ने राजघाट पहुंच राष्ट्रपिता को दी श्रद्धांजलि
राष्ट्रपति पुतिन राष्ट्रपति भवन से सीधे राजघाट पहुंचे और वहां राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। पुतिन के आगमन से पहले ही सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई थी।
पुतिन की यह यात्रा अक्टूबर 2000 में शुरू हुई भारत-रूस रणनीतिक साझेदारी के 25 वर्ष पूरे होने के समय हो रही है, जिसे दिसंबर 2010 में और अधिक मजबूत बनाते हुए ‘स्पेशल एंड प्रिविलेज्ड स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप’ का दर्जा दिया गया था। इस दौरे पर दोनों देशों के बीच कई अहम समझौतों पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है।

