Bihar News: पूर्वी चंपारण में पुलिस अधीक्षक (एसपी) स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान ने एक बड़े अंतर जिला बाइक चोर गिरोह की कमर तोड़ दी है। पुलिस टीम ने इस गिरोह के 8 सदस्यों को धर दबोचा है और उनके पास से चोरी की गई 4 मोटरसाइकिलें भी जब्त की हैं।

पुलिस की यह बड़ी सफलता रक्सौल डीएसपी मनीष आनंद के नेतृत्व में चलाए गए एक सुनियोजित छापेमारी अभियान का नतीजा है। यह ऑपरेशन केवल रक्सौल तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पश्चिमी चंपारण जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भी टीम ने दबिश दी।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रक्सौल शहर के नागा रोड स्थित बाबा मठिया के पास कोई व्यक्ति चोरी की अपाचे बाइक बेचने आया है। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए टीम ने तत्काल कार्रवाई की और मौके से पलनवा थाना क्षेत्र के जैतापुर निवासी अभिषेक सिंह और नगर परिषद क्षेत्र के विशाल कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

गहन पूछताछ में उगले राज, पश्चिम चंपारण तक फैला था नेटवर्क

गिरफ्तार किए गए दोनों शातिरों से हुई पूछताछ और उनकी निशानदेही पर पुलिस ने आगे कार्रवाई की। इसके बाद भेलाही थाना क्षेत्र के मुन्ना कुमार, डंकन रोड निवासी सोनू सिंह, हरैया थाना क्षेत्र के बबलू कुमार, पश्चिमी चंपारण के बलथर थाना क्षेत्र के सोनू सिंह, पलनवा थाना क्षेत्र के रवि कुमार यादव और हरैया थाना क्षेत्र के जहीर आलम को भी गिरफ्तार किया गया।

इस खबर को भी पढ़ें : बोकारो में बड़ा खुलासा: बाइक चोर गैंग पकड़ा, नौ मोटरसाइकिल जब्त

छापेमारी के दौरान पुलिस ने चोरी की कुल चार बाइक, जिनमें दो बिना नंबर प्लेट की थीं, और 6 मोबाइल बरामद किए। पकड़े गए आरोपियों में अभिषेक सिंह और विशाल कुमार का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। अभिषेक पर रक्सौल थाने में चोरी के तीन, जबकि विशाल पर चोरी के दो मामले पहले से ही दर्ज हैं। पुलिस पकड़े गए सभी शातिर चोरों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई में जुट गई है, जिससे इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों की जानकारी मिल सके। छापामारी दल में डीएसपी मनीष आनंद के साथ रक्सौल थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर अभिषेक कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

Share.
Exit mobile version