India News: पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में नाबालिग लड़की के अपहरण और गैंगरेप के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस ने पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पीड़िता 17 वर्षीय किशोरी है और पुरुलिया शहर की रहने वाली है। शुक्रवार शाम वह एक दोस्त के घर जाने की बात कहकर घर से निकली थी। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटी, तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद लड़की के पिता ने पुरुलिया सदर थाने में अपहरण की शिकायत दर्ज कराई।
इस खबर को भी पढ़ें : कैंपस के बाहर मेडिकल छात्रा के साथ हुई घटना से दुर्गापुर में सनसनी!
शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और उसी रात किशोरी को बरामद कर लिया गया। पूछताछ के दौरान पीड़िता ने बताया कि उसे अगवा किया गया और उसके साथ यौन उत्पीड़न किया गया। लड़की के बयान के मुताबिक, रात के समय सात से आठ युवकों ने उसे सड़क से उठाया और रेलवे ट्रैक के पास एक खेत में ले जाकर गैंगरेप किया।
घटना सामने आने के बाद पीड़िता को तुरंत मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद उसके बयान के आधार पर पुलिस ने विभिन्न इलाकों में छापेमारी की। रविवार को पुलिस ने इस मामले में शामिल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुरुलिया जिला पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से एक की तबीयत खराब होने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि बाकी छह आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने सभी छह आरोपियों को सात दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इलाज के बाद सातवें आरोपी को भी कोर्ट में पेश किया जाएगा।
इस खबर को भी पढ़ें: बहाने से बुलाया होटल, फिर दोस्तों संग मिलकर MBBS छात्रा की लूट ली अस्मत, वीडियो भी बनाया!
पुलिस ने बताया कि सोमवार को नाबालिग पीड़िता का गोपनीय बयान मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज कराया जाएगा। फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच जारी है और पुलिस हर पहलू से सबूत जुटा रही है।



