Bihar News: कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ ने शनिवार को पूर्णिया में अभूतपूर्व जनसमर्थन दिखाया। यात्रा में शामिल होने के लिए बिहार के विभिन्न जिलों से लोग उमड़ पड़े। हजारों की भीड़ ने इसे सिर्फ एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनआंदोलन का रूप दे दिया।

बेलौरी से अररिया तक भव्य यात्रा

यात्रा की शुरुआत बेलौरी से हुई और इसका रूट लाइन बाजार, पंचमुखी मंदिर, रामबाग होते हुए कसबा की ओर बढ़ा। इसके बाद काफिला अररिया के लिए रवाना हुआ। इस दौरान राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव एक बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर काफिले का नेतृत्व कर रहे थे। उनके पीछे सैकड़ों वाहनों का काफिला और पैदल चल रहे समर्थकों का हुजूम देखने को मिला।

पूरा शहर थम गया

यात्रा के दौरान पूर्णिया शहर की रफ्तार थम गई। जगह-जगह भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे कई इलाकों में घंटों तक जाम की स्थिति रही। करीब 5 किलोमीटर तक वाहनों और लोगों की लंबी कतारें लगी रहीं। ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस और प्रशासन को भारी मशक्कत करनी पड़ी।

पहले से ही पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर दिया था कि बेलौरी चौक, फोर्ड चौक, पंचमुखी मंदिर, कप्तान पुल, लाइन बाजार, जीरो माइल, रजनी चौक समेत कई मार्गों पर सुबह से दोपहर तक वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। यही नहीं, राष्ट्रीय राजमार्ग 131A और पूर्णिया–अररिया मार्ग पर भी यातायात रोका गया। हालांकि, एम्बुलेंस और अग्निशमन वाहनों जैसी आपात सेवाओं को छूट दी गई थी।

मोटरसाइकिल पर राहुल गांधी

जनसमर्थन से उत्साहित राहुल गांधी यात्रा के दौरान मोटरसाइकिल चलाकर भीड़ का अभिवादन करते नजर आए। कांग्रेस और राजद कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह मंच बनाकर फूल-मालाओं और नारेबाजी से उनका स्वागत किया।

राहुल गांधी की सुरक्षा में चूक, युवक आकर लिपटा

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान कप्तान पुल और खुश्कीबाग के बीच बड़ी सुरक्षा चूक हुई। मोटरसाइकिल से जा रहे राहुल गांधी से अचानक एक युवक लिपट गया। सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत युवक को हटाकर जोरदार घूंसा जड़ दिया। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है।

पुलिस की सख्त व्यवस्था

इतनी बड़ी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती की थी। लोगों की सुविधा के लिए यातायात थाना प्रभारी और पुलिस वाहन नियंत्रक के मोबाइल नंबर सार्वजनिक किए गए, ताकि कोई भी नागरिक आपात स्थिति में मदद ले सके।

इस यात्रा ने न सिर्फ पूर्णिया बल्कि पूरे सीमांचल क्षेत्र की राजनीति में हलचल मचा दी है। राहुल गांधी की उपस्थिति और तेजस्वी यादव का साथ विपक्षी दलों के लिए नई ऊर्जा का संदेश देता है।

Share.
Exit mobile version