अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi : राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस (15 सितंबर) और मॉप-अप दिवस (19 सितंबर) के सफल आयोजन को लेकर शनिवार को उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला और प्रखंड स्तरीय सभी अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रवीण कुमार सिंह ने जानकारी दी कि इस वर्ष रांची जिले में 1 से 19 वर्ष तक की आयु के 8,61,803 बच्चों और किशोरों को एल्बेंडाजोल दवा खिलाई जाएगी। इसका उद्देश्य बच्चों को कृमि संक्रमण से मुक्त कर स्वस्थ और बेहतर जीवन सुनिश्चित करना है।
उपायुक्त ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम की सफलता के लिए समन्वित प्रयास किए जाएँ और सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी बच्चा इस दवा से वंचित न रहे। उन्होंने शिक्षा विभाग को खास तौर पर कहा कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के सभी निजी विद्यालयों, तकनीकी संस्थानों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में दवा वितरण अनिवार्य रूप से हो। इसके साथ ही, कार्यक्रम के शुभारंभ के लिए जिला स्तर पर एक स्कूल का चयन किया गया।
सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने बताया कि जिला और प्रखंड स्तर पर रैपिड रिस्पॉन्स टीम का गठन होगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। उपायुक्त ने अंत में सभी विभागों से अपील की कि इस अभियान को जन-जन तक पहुँचाया जाए, ताकि रांची जिला कृमि मुक्ति के लक्ष्य को हासिल कर सके।

