अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Nawada : हिन्दी साहित्य के महानायक और समाज की गहरी संवेदनाओं को शब्द देने वाले लेखक मुंशी प्रेमचंद की स्मृति में आगामी 10 सितंबर को दिल्ली में भव्य “प्रेम उत्सव-2025” का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन की जानकारी राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ स्मृति न्यास के अध्यक्ष नीरज कुमार ने दी।
उन्होंने बताया कि प्रेमचंद न केवल एक लेखक थे बल्कि विचार और सामाजिक चेतना के वाहक भी थे। उन्हें सही मायनों में ‘कलम का सिपाही’ कहा जा सकता है, जिन्होंने अपनी कहानियों के माध्यम से समाज की विषमताओं पर गहरा प्रहार किया और समावेशी समाज की कल्पना को जीवंत किया।
इस अवसर पर विशेष आकर्षण होगा प्रेमचंद की 22 कालजयी कहानियों का 22 भाषाओं में नाट्य मंचन। साथ ही, ‘प्रेमचंद का रंगमंच’ नामक स्मारिका का विमोचन भी किया जाएगा। नीरज कुमार ने बताया कि आयोजन को सफल और यादगार बनाने में कई लब्ध-प्रतिष्ठित साहित्यकार, कलाकार और सांस्कृतिक हस्तियां सक्रिय सहयोग कर रही हैं।
उन्होंने साहित्यप्रेमियों से अपील की कि वे इस ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बनें, जो न केवल प्रेमचंद की स्मृति को जीवित रखेगा बल्कि देशभर की साहित्यिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को नई ऊर्जा और गति भी प्रदान करेगा।

