India News: जम्मू-कश्मीर के पुंछ सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर बुधवार तड़के से सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ जारी है। सूत्रों के अनुसार, इस मुठभेड़ में दो आतंकियों के मारे जाने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

घटना की जानकारी मिलते ही सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर दी और जवाबी कार्रवाई शुरू की। यह मुठभेड़ ऐसे समय में हो रही है जब बाबा बुड्ढा अमरनाथ यात्रा को लेकर क्षेत्र पहले से हाई अलर्ट पर है। सेना को कुछ दिनों से अग्रिम चौकियों के पास संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिल रही थी, जिसके आधार पर चौकसी और सख्ती बढ़ाई गई थी।

व्हाइट नाइट कॉर्प्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर बताया कि पुंछ सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास बाड़ के समीप दो संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधि देखी गई, जिसके बाद गोलीबारी शुरू हुई। सेना की सतर्कता से आतंकियों की घुसपैठ की कोशिश नाकाम हो गई और इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।

घटना स्थल के पास लगातार फायरिंग की आवाजें सुनाई दे रही हैं और सुरक्षा बल पूरे क्षेत्र की बारीकी से तलाशी ले रहे हैं ताकि कोई भी आतंकवादी भागने न पाए। सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी मौके पर डटे हुए हैं।

सेना के अधिकारियों का कहना है कि यह मुठभेड़ घुसपैठ की एक बड़ी साजिश को नाकाम करने में सफल रही है। आशंका जताई जा रही है कि आतंकी किसी बड़े हमले की फिराक में थे, लेकिन समय रहते सेना की कार्रवाई ने उनकी योजना विफल कर दी।

Share.
Exit mobile version