Ranchi : झारखंड अधिविद्य परिषद, रांची द्वारा आयोजित संपूरक/समुन्नत माध्यमिक सैद्धांतिक परीक्षा-2025 को लेकर जिला प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। परीक्षा रांची जिले के कुल पाँच केंद्रों पर हो रही है। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या विधि-व्यवस्था बाधित न हो, इसके लिए उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रांची, वरीय पुलिस अधीक्षक एवं अपर जिला दंडाधिकारी, विधि-व्यवस्था के संयुक्त आदेश पर विशेष दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की गई है।

अनुमंडल दंडाधिकारी, सदर, रांची ने बीएनएसएस की धारा 163 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लागू की है। इसके तहत पाँच या उससे अधिक व्यक्तियों का एकत्र होना, ध्वनि विस्तारक यंत्र का उपयोग, अस्त्र-शस्त्र या हरवे-हथियार लेकर चलना, तथा किसी प्रकार की बैठक या सभा का आयोजन करना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यह आदेश परीक्षा की तिथियों 23, 25, 26, 28 और 29 अगस्त 2025 को सुबह 6:45 बजे से शाम 8:15 बजे तक प्रभावी रहेगा।

परीक्षा केंद्रों में केबी गर्ल्स हाई स्कूल रातू रोड, गौरी दत्त मंडिलिया हाई स्कूल, बाल कृष्णा +2 हाई स्कूल, मारवाड़ी +2 हाई स्कूल और संत पॉल हाई स्कूल शामिल हैं। प्रशासन ने परीक्षार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि परीक्षा के दौरान नियमों का पालन करें और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने में सहयोग दें।

Share.
Exit mobile version