Bihar News: मोतिहारी, पूर्वी चंपारण — नगर थाना पुलिस ने पत्रकार सुदिष्ट नारायण ठाकुर के श्रीकृष्ण नगर स्थित घर में हुई भीषण चोरी की गुत्थी सुलझा ली है। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने पांच चोरों को गिरफ्तार किया है, जिनमें चार नाबालिग शामिल हैं। पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में न सिर्फ इस घटना को कबूल किया, बल्कि शहर के अलग-अलग इलाकों से छह मोटर चोरी करने की बात भी स्वीकार की।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर छापेमारी कर चोरी की गई मोबाइल, पर्स और करीब एक लाख रुपये नकद बरामद किए। पूछताछ में चोरों ने बताया कि चोरी किए गए आभूषण रघुनाथपुर के पवन कुमार नामक किराना दुकानदार को बेचे गए थे, जिसके बदले उन्हें सिर्फ 3,200 रुपये मिले। मोटर चोरी की घटनाओं में भी उन्होंने माल बेचने की बात स्वीकार की।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि इस चोरी की वारदात से पहले चकिया निवासी शिवा नाम के युवक ने घर की रेकी की थी, जिसके बाद इस गैंग ने घटना को अंजाम दिया।

पत्रकार सुदिष्ट नारायण ठाकुर ने 7 अगस्त को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें उन्होंने बताया कि चोर 3 लाख रुपये की 30 ग्राम सोने की लक्ष्मी हार, 1.5 लाख रुपये का कान का झुमका, 15 हजार का नोज पिन, 1.5 लाख रुपये के 20 पीस चांदी के सिक्के, 50 हजार रुपये नकद, 21 हजार रुपये का मोबाइल और कई महत्वपूर्ण कागजात चोरी कर ले गए थे।

मोबाइल सर्विलांस की मदद से पुलिस ने रघुनाथपुर निवासी अजीम मियां से चोरी का मोबाइल बरामद किया और मामले का खुलासा किया। फिलहाल पुलिस फरार पवन कुमार की तलाश में जुटी है, जिससे चोरी के बाकी आभूषण बरामद किए जा सकें।

Share.
Exit mobile version