Ranchi News: झारखंड पुलिस मुख्यालय ने राज्य में अवैध शराब के धंधे पर लगाम कसने के लिए एक विस्तृत एक्शन प्लान तैयार कर लिया है। आगामी श्रावणी मेला और बिहार विधानसभा चुनाव को देखते हुए पुलिस ने सभी जिलों के एसएसपी और एसपी को सख्त निर्देश जारी किए हैं, ताकि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, बिक्री और तस्करी पर कड़ा प्रहार किया जा सके।
मुख्यालय द्वारा सभी रेंज के डीआईजी को निर्देशित किया गया है कि वे अपने क्षेत्र में कार्यरत एसएसपी और एसपी से समन्वय स्थापित करें। खास जोर इंटर-स्टेट और इंटर-डिस्ट्रिक्ट चेकपोस्टों को फिर से सक्रिय करने और प्रभावी कार्रवाई पर है।
पुलिस को उन सीमा क्षेत्रों और मार्गों को चिन्हित करने के निर्देश दिए गए हैं, जहां से अवैध शराब और नशीले पदार्थों की तस्करी की संभावना है। इन चिन्हित मार्गों पर स्थायी और मोबाइल चेकपोस्ट बनाए जाएंगे, जहां 24×7 निगरानी रहेगी।
इतना ही नहीं, रेल मार्गों के जरिए हो रही शराब तस्करी पर भी पुलिस की पैनी नजर होगी। थाना, अनुमंडल और जिला स्तर पर संयुक्त विशेष अभियान चलाए जाएंगे और अपराधियों की पहचान कर कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
राष्ट्रीय राजमार्गों और स्टेट हाईवे पर स्थित ढाबों और होटलों पर भी विशेष नजर रखी जाएगी, क्योंकि ये अवैध कारोबारियों के प्रमुख ठिकाने माने जाते हैं।
उत्पाद विभाग और पुलिस के बीच तालमेल बढ़ाकर, छापेमारी और निगरानी अभियान तेज किया जाएगा। अवैध शराब का स्टॉक, निर्माण स्थल और परिवहन मार्गों की पहचान कर संयुक्त टीमों द्वारा कार्रवाई की जाएगी।



