Ranchi : शहर के व्यस्त रोस्पा टावर इलाके में पुलिस ने मॉडिफाइड बाइकों पर नकेल कसनी शुरू कर दी है। पुलिस ने यहां बाइक मॉडिफिकेशन की दुकानों को नोटिस भेजकर साफ चेतावनी दी है कि अगर किसी भी वाहन में अवैध मॉडिफिकेशन पाए जाते हैं, तो दुकानदार और वाहन मालिक दोनों पर एक साथ कानूनी कार्रवाई होगी।

दुकानदारों को नोटिस, सख्त चेतावनी

पुलिस ने कहा कि कई दुकानदार मोटरसाइकिलों में मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेसर हॉर्न और पिक्चर लाइट जैसी चीजें फिट कर रहे हैं। ये उपकरण न केवल सड़क पर चल रहे लोगों और अन्य वाहन चालकों को परेशान करते हैं, बल्कि गंभीर हादसों की वजह भी बनते हैं। पुलिस ने चेतावनी दी है कि यदि किसी बाइक में ये अवैध उपकरण पाए गए तो न केवल चालान काटा जाएगा बल्कि वाहन भी जब्त किया जा सकता है।

आवाज और रोशनी से बढ़ती दिक्कत

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मॉडिफाइड साइलेंसर से निकलने वाली कानफाड़ू आवाज लोगों की शारीरिक और मानसिक शांति भंग करती है। वहीं, पिक्चर लाइट जैसी तेज रोशनी रात में आने-जाने वाले वाहन चालकों की आंखों पर सीधी पड़ती है, जिससे दुर्घटना की संभावना बढ़ जाती है। इसी तरह, प्रेसर हॉर्न का शोर न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि यह आम जनता के लिए बड़ी परेशानी का कारण भी बनता है।

इलाके में हड़कंप, लोग वाहनों को बना रहे नियमों के अनुरूप

पुलिस की सख्ती के बाद रोस्पा टावर और आसपास के क्षेत्रों में बाइक चालकों और दुकानदारों में हड़कंप मच गया है। कई लोग अपनी गाड़ियों से मॉडिफाइड साइलेंसर और अवैध लाइट्स हटाने लगे हैं। दुकानदार भी अब सतर्क हो गए हैं और खुलेआम ऐसी

 चीजें लगाने से परहेज कर रहे हैं।

सड़क सुरक्षा के लिए अभियान

 

पुलिस का मानना है कि यह कदम सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और लोगों की जिंदगी को सुरक्षित बनाने के लिए बेहद जरूरी है। अधिकारियों ने कहा कि यह अभियान लगातार चलाया जाएगा और नियम तोड़ने वालों को बिल्कुल भी बख्शा नहीं जाएगा।

Share.
Exit mobile version