अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Bihar News: बिहार विधानसभा चुनावी माहौल के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर बिहार का दौरा करने जा रहे हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री मोदी 15 सितंबर को पूर्णिया पहुंचेंगे और यहां बनकर तैयार हुए एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही वे सीमांचल क्षेत्र के लिए करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं की सौगात भी देंगे।
प्रधानमंत्री का यह दौरा बिहार के लिए बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि यह उनका सातवां बिहार दौरा होगा। इससे पहले मोदी भागलपुर, मधुबनी, सासाराम, सीवान, मोतिहारी और गया का दौरा कर चुके हैं। अपने हर दौरे पर उन्होंने राज्य को बड़े पैमाने पर विकास योजनाएं दी हैं। गयाजी में ही उन्होंने करीब 13 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया था।
पूर्णिया का एयरपोर्ट लंबे समय से यहां के लोगों की मांग रहा है। इसके शुरू होने से सीमांचल क्षेत्र को हवाई संपर्क की नई सुविधा मिलेगी और यहां के व्यापार, पर्यटन व रोज़गार के अवसरों को बढ़ावा मिलेगा। भाजपा ने प्रधानमंत्री के इस दौरे की तैयारियां शुरू कर दी हैं और पार्टी नेताओं का मानना है कि यह दौरा बिहार के चुनावी समीकरणों को भी प्रभावित कर सकता है।

