India News: पीएम नरेंद्र मोदी आज राजधानी नई दिल्ली के बाबा खड़क सिंह मार्ग स्थित सांसदों के लिए नवनिर्मित आवासीय परिसर का उद्घाटन करेंगे। इस परियोजना के तहत 184 टाइप-7 बहुमंजिला फ्लैट्स का निर्माण किया गया है। उद्घाटन कार्यक्रम सुबह 10 बजे होगा, जिसमें पीएम मोदी परिसर में सिंदूर का पौधा भी लगाएंगे और निर्माण कार्य में जुड़े श्रमिकों से संवाद करेंगे।
इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य तथा विद्युत मंत्री मनोहर लाल, केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, आवास समिति (लोकसभा) के सभापति डॉ. महेश शर्मा सहित कई सांसद और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे।
इन नए सांसद आवासों का निर्माण ग्रीन टेक्नोलॉजी की मदद से किया गया है। यह प्रोजेक्ट जीआरआईएचए 3-स्टार रेटिंग और राष्ट्रीय भवन संहिता (एनबीसी) 2016 के मानकों के अनुसार तैयार किया गया है। हाईटेक निर्माण तकनीक के तहत एल्युमिनियम शटरिंग के साथ मोनोलिथिक कंक्रीट का उपयोग किया गया, जिससे परियोजना को समय पर पूरा किया जा सका।
यह आवासीय परिसर दिव्यांगजनों के लिए अनुकूल है और इसमें सभी जरूरी सुविधाओं का ध्यान रखा गया है। प्रत्येक आवासीय यूनिट में सांसदों के आवासीय और आधिकारिक कार्यों के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध है। परिसर में कर्मचारियों के आवास और एक सामुदायिक केंद्र भी बनाया गया है।
सुरक्षा के दृष्टिकोण से भी यह परिसर पूरी तरह सुसज्जित है। इमारतों का निर्माण स्ट्रक्चरल सेफ्टी मानकों के तहत किया गया है और इन्हें भूकंपरोधी बनाया गया है। इस परियोजना को समय पर पूरा करने में उन्नत निर्माण तकनीक और बेहतर योजना का बड़ा योगदान रहा है।



