अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Patna : जन सुराज के प्रमुख प्रशांत किशोर (PK) ने शनिवार को पटना में आयोजित प्रेस वार्ता में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के चार प्रमुख नेताओं पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्री मंगल पांडे, मंत्री अशोक चौधरी और भाजपा सांसद संजय जायसवाल के खिलाफ दस्तावेजों सहित कई खुलासे करने का दावा किया।
प्रशांत किशोर ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे की पत्नी के बैंक खाते में वर्ष 2019-20 में 2.12 करोड़ रुपये जमा हुए, जिसका स्रोत स्पष्ट नहीं है। उन्होंने पूछा कि यह रकम कहां से आई और क्यों घोषित नहीं की गई।
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर निशाना साधते हुए किशोर ने उनकी शैक्षिक योग्यता और पुराने आपराधिक मामलों को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सम्राट चौधरी ने अलग-अलग नामों से परीक्षा दी और आयु व शैक्षिक योग्यता को लेकर भ्रामक जानकारी दी।
मंत्री अशोक चौधरी पर जमीन से जुड़े लेन-देन में अनियमितता का आरोप लगाते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि उनके परिवार से जुड़े नामों के जरिए करोड़ों रुपये की जमीन खरीदी गई। उन्होंने अशोक चौधरी से स्पष्टीकरण मांगा कि उनका उन ट्रस्टों से क्या संबंध है जिनके माध्यम से ये खरीदारी हुई।
भाजपा सांसद संजय जायसवाल पर किशोर ने बेतिया में स्थित उनके परिवार के पेट्रोल पंप से जुड़े भ्रष्टाचार और नगर निगम से संबंधित बिलों में गड़बड़ी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जायसवाल के प्रभाव के कारण फ्लाईओवर निर्माण में देरी हुई और पेट्रोल पंप से जुड़े बिलों में फर्जी भुगतान हुआ।
प्रशांत किशोर ने यह भी कहा कि एनडीए नेताओं के इन मामलों पर जनता को सच्चाई जानने का अधिकार है। उन्होंने मांग की कि संबंधित एजेंसियां इन आरोपों की जांच करें। जन सुराज पार्टी के उपाध्यक्ष वाईवी गिरी ने बताया कि भाजपा नेता दिलीप जायसवाल से जुड़े एक पुराने मामले में हाई कोर्ट में याचिका दायर की गई है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में जन सुराज के वरिष्ठ नेता, प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती, महामंत्री किशोर कुमार, एमएलसी अफाक अहमद और अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे। प्रशांत किशोर ने कहा कि भ्रष्टाचार के मुद्दे पर वे जनता को लगातार तथ्यों से अवगत कराते रहेंगे।

