अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश की पहल पर सिल्ली प्रखंड के पतराहातु स्थित अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (APHC) को मॉडल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में अपग्रेड करने का रास्ता साफ हो गया है। स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी से मुलाकात के दौरान कमलेश ने ग्रामीणों की इस लंबे समय से चली आ रही मांग को उनके समक्ष रखा, जिस पर मंत्री ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए इसी वित्तीय वर्ष में इसे पूरा करने की सहमति दी।
कमलेश ने बताया कि पतराहातु का यह स्वास्थ्य केंद्र पिछले 35-40 वर्षों से संचालित हो रहा है और सिल्ली-बुंडू रोड पर स्थित है। आसपास के पंचायत बंता, हजाम, दोवाडु, बसंतपुर, विनवाडीह और लोवाहातु में करीब 70 हजार लोग निवास करते हैं। फिलहाल ग्रामीणों को चिकित्सा सुविधा के लिए सिल्ली, राहे और सोनाहातु प्रखंड जाना पड़ता है, जिनकी दूरी 15 से 16 किलोमीटर है।
पतराहातु का यह केंद्र तीनों प्रखंडों के मध्य में स्थित होने के कारण रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण है। इसके आस-पास प्राथमिक विद्यालय, उच्च विद्यालय, इंटर महाविद्यालय, बैंक और अन्य सरकारी संस्थान भी हैं। ऐसे में इस केंद्र को मॉडल PHC में अपग्रेड करने से हजारों लोगों को सीधी स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध होगी। मंत्री की इस घोषणा से पांच परगना क्षेत्र के नागरिकों में खुशी की लहर है और लोग उम्मीद जता रहे हैं कि अब उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा घर के पास ही मिलेगी।

