अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ramgarh News : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद स्मृति-शेष दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि देने के लिए आज नेमरा गांव में जनसैलाब उमड़ पड़ा। राज्य के विभिन्न हिस्सों से आए लोग मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के पैतृक आवास पहुंचे और गुरुजी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
सुबह से ही नेमरा स्थित आवास पर आम जनता से लेकर कई गणमान्य हस्तियों का आना-जाना लगा रहा। श्रद्धांजलि देने वालों में राज्य के मंत्रीगण, सांसद, विधायक, पूर्व मंत्री, पूर्व सांसद और विधायक सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।
आज गुरुजी के पारंपरिक श्राद्ध कर्म का सातवां दिन था और इसी अवसर पर लोगों ने उनके संघर्ष और योगदान को याद किया। उपस्थित लोगों ने कहा कि अलग झारखंड राज्य के निर्माण में दिशोम गुरु शिबू सोरेन का योगदान अतुलनीय रहा है। वे सदैव आदिवासी, गरीब, दलित, शोषित, वंचित और उपेक्षित समुदाय की आवाज बने रहे और उनका जीवन समाज के उत्थान के लिए समर्पित रहा।
लोगों ने भावुक होकर कहा कि गुरुजी का संघर्ष, आदर्श और उनके द्वारा दिखाया गया मार्ग आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। वे केवल झारखंड के ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए एक सच्चे जननायक थे और रहेंगे।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान माहौल बेहद भावुक था। जहां एक ओर लोग गुरुजी को खोने के दुख में गमगीन थे, वहीं दूसरी ओर उनके आदर्शों और योगदान पर गर्व भी महसूस कर रहे थे। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने भी आगंतुकों से मुलाकात कर सभी के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि वे अपने पिता के सपनों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
नेमरा में यह दृश्य गुरुजी के प्रति लोगों के गहरे प्रेम और सम्मान को दर्शाता है। उनके जाने से पैदा हुआ शून्य झारखंड की राजनीति और सामाजिक जीवन में लंबे समय तक महसूस किया जाएगा।

