Jharkhand News: पलामू जिले के पाटन थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब के गोरखधंधे का खुलासा किया है। हैरान करने वाली बात यह है कि शराब की यह फैक्ट्री एक आम घर के अंदर बेडरूम में बने तहखाने में चलाई जा रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर थाना प्रभारी लालजी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी की। इस दौरान घर से भारी मात्रा में तैयार अवैध शराब, निर्माण में प्रयुक्त सामग्री और उपकरण बरामद किए गए।

छापेमारी के दौरान घर मालिक एवं मुख्य आरोपी जितेंद्र पासवान को गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि जितेंद्र लंबे समय से इस अवैध धंधे को संचालित कर रहा था और तहखाने में फैक्ट्री की तरह शराब बनाई जाती थी। पुलिस को आशंका है कि इस धंधे से जुड़े और भी लोग हो सकते हैं, जिनकी तलाश जारी है।

स्थानीय लोगों ने इस खुलासे के बाद पुलिस की कार्रवाई की सराहना की है। पाटन थाना प्रभारी ने बताया कि क्षेत्र में किसी भी तरह की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी ऐसे अभियान चलाए जाएंगे।

Share.
Exit mobile version