Palamu News: पलामू जिले की छतरपुर पुलिस ने मंगलवार की देर शाम एक बड़ी सफलता हासिल की, जब CSP बैंक लूटने की योजना बना रहे चार लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने इनके पास से देशी कट्टा, रिवॉल्वर, दो जिंदा गोली, लूटा हुआ लैपटॉप, मोबाइल, स्कूटी और चार वॉकी-टॉकी बरामद किए हैं।

एसपी रीष्मा रमेशन ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी छतरपुर हाईस्कूल के पीछे इकट्ठा होकर लूट की साजिश रच रहे हैं। सूचना मिलते ही एसडीपीओ अवध यादव के नेतृत्व में टीम बनाई गई और छापेमारी की गई। मौके पर चारों लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि पकड़े गए अपराधी पहले भी लूट की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। वर्ष 2024 में छतरपुर के सरइडीह मोड़ स्थित CSP बैंक में की गई लूट की गुत्थी अब सुलझ गई है। वहां से लूटे गए लैपटॉप को भी पुलिस ने बरामद कर लिया। इसी साल अगस्त महीने में छतरपुर के सड़मा CSP बैंक से लूटे गए मोबाइल फोन भी इनके पास से मिले हैं।

गिरफ्तार लुटेरों की पहचान भिखही निवासी रंजन उरांव उर्फ मुन्ना (19), मंजीत कुमार (22), अरर निवासी बिकेश कुमार उर्फ विकास कुमार (19) और छतरपुर के छोटू कुमार उर्फ सागर राज (22) के रूप में हुई है। इनमें छोटू कुमार के खिलाफ मेदिनीनगर शहर थाना में एक, छतरपुर में दो और रांची के खलारी थाना में एक आपराधिक मामला दर्ज है।

पुलिस का कहना है कि इनकी गिरफ्तारी से क्षेत्र में हुई दो बड़ी CSP बैंक लूट की घटनाओं का पर्दाफाश हो गया है। आगे की जांच जारी है।

Share.
Exit mobile version