Pakur News: पाकुड़ जिले की अमड़ापाड़ा थाना पुलिस ने रंगदारी और अपराध के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। बी.जी.आर. कोल कंपनी के एक कर्मचारी को फोन कर 50 लाख रुपये की भारी-भरकम रंगदारी मांगने वाले शातिर अपराधी अजय मुर्मू को पुलिस ने धर दबोचा है। पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में गठित एसआईटी (SIT) ने इस पूरे मामले की गुत्थी को महज कुछ ही दिनों में सुलझा लिया।

घटना बीते 21 नवंबर की है, जब कंपनी के कर्मचारी मधुसूदन यू के मोबाइल पर एक अज्ञात कॉल आया। कॉलर ने डराते-धमकाते हुए 50 लाख रुपये की मांग की थी।

तकनीकी साक्ष्य और अपराधी का पुराना इतिहास

अमड़ापाड़ा पुलिस ने तत्काल हरकत में आते हुए कांड संख्या 74/2025 दर्ज किया। जांच के दौरान पुलिस ने जब मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल्स खंगाली, तो तार गोड्डा जिले से जुड़े मिले। पुलिस टीम ने छापेमारी कर 23 वर्षीय अजय मुर्मू को रानीडीह (ललमटिया) से गिरफ्तार किया। अजय मूल रूप से बोआरीजोर थाना क्षेत्र के जिरली गांव का रहने वाला है।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से रंगदारी मांगने में इस्तेमाल किया गया लावा कंपनी का मोबाइल और एयरटेल का सिम कार्ड बरामद हुआ है। पुलिस की जांच में यह भी पता चला है कि अजय मुर्मू एक पेशेवर अपराधी है। साल 2022 में भी वह बोआरीजोर थाने में रंगदारी और धमकी के मामले में जेल जा चुका है। पाकुड़ एसपी ने स्पष्ट किया है कि कोल माइंस और व्यापारिक प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने वाले अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

Share.
Exit mobile version