रांची। लोकतंत्र की मजबूती में अहम भूमिका निभाने वाले निर्वाचन पदाधिकारियों के लिए राष्ट्रीय मतदाता दिवस 2026 खास होने जा रहा है। इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त, पाकुड़ मनीष कुमार को उनके उत्कृष्ट निर्वाचन प्रबंधन और नवाचारपूर्ण कार्यों के लिए ‘बेस्ट इलेक्शन डिस्ट्रिक्ट अवॉर्ड’ से सम्मानित किया जाएगा। यह प्रतिष्ठित सम्मान उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्वारा प्रदान किया जाएगा। यह न केवल पाकुड़ जिला, बल्कि पूरे झारखंड के लिए गर्व का विषय है।

राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन 25 जनवरी 2026 को किया जा रहा है। यह कार्यक्रम रांची विश्वविद्यालय परिसर स्थित आर्यभट्ट सभागार में दोपहर 12:00 बजे से शुरू होगा। कार्यक्रम का उद्देश्य मतदाता जागरूकता, लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करना तथा निर्वाचन प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने वाले अधिकारियों और कर्मियों को सम्मानित करना है।

इस राज्य स्तरीय समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य निर्वाचन आयुक्त, झारखंड अलका तिवारी उपस्थित रहेंगी। उनके साथ निर्वाचन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, प्रशासनिक पदाधिकारी और अन्य गणमान्य अतिथि कार्यक्रम में शामिल होंगे।

कार्यक्रम के दौरान झारखंड के विभिन्न जिलों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कई निर्वाचन पदाधिकारियों को भी सम्मानित किया जाएगा। इनमें पश्चिमी सिंहभूम के जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त चन्दन कुमार, साहेबगंज के हेमन्त सती, पाकुड़ के मनीष कुमार, संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी-सह-संयुक्त सचिव सुबोध कुमार, गिरिडीह के उप निर्वाचन पदाधिकारी रंथु महतो, गढ़वा के उप निर्वाचन पदाधिकारी सुशील कुमार राय सहित अन्य अधिकारी शामिल हैं।

इसके अलावा घाटशिला विधानसभा क्षेत्र के निर्वाची पदाधिकारी सुनील चन्द्रा, देवघर विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी रवि कुमार, मुख्यालय के अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार सिंह तथा मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय, झारखंड से जुड़े चन्दन कुमार और आशुतोष रंजन को भी सम्मानित किया जाएगा।

Share.
Exit mobile version