India News: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान की ओर से नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर एक बार फिर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया गया। 27-28 अप्रैल की रात पाकिस्तान की सेना ने बिना किसी उकसावे के कुपवाड़ा और पुंछ जिलों में भारतीय चौकियों को निशाना बनाते हुए छोटे हथियारों से गोलीबारी की। भारतीय सेना ने भी पूरी ताकत के साथ जवाब देते हुए दुश्मन को करारा मुंहतोड़ जवाब दिया।
भारतीय सेना के अनुसार, पाकिस्तान की ओर से तुतमारी गली और रामपुर सेक्टर के पास बिना किसी पूर्व चेतावनी के फायरिंग की गई थी। इस उकसावे का भारतीय जवानों ने तुरंत और प्रभावी प्रतिक्रिया के साथ जवाब दिया, जिससे पाकिस्तान को भारी नुकसान उठाना पड़ा। गौरतलब है कि इससे पहले भी 26-27 अप्रैल की रात पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी की थी, जिसका जवाब भारतीय सेना ने दृढ़ता से दिया था।
22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की जान जाने के बाद से कश्मीर घाटी में सुरक्षा बलों ने आतंकवाद के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इस सख्ती के बीच पाकिस्तान द्वारा एलओसी पर फायरिंग करना उसकी बौखलाहट को दर्शाता है।
इसी बीच दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सेना, सीआरपीएफ और कुलगाम पुलिस के संयुक्त अभियान में दो आतंकियों के सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया है। यह गिरफ्तारी मतलहामा चौक, थोकरपोरा (कैमोह) में की गई जहां एक नियमित जांच चौकी पर दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा गया।
गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान बिलाल अहमद भट पुत्र अब्दुल सलाम भट और मोहम्मद इस्माइल भट पुत्र गुलाम मोहम्मद भट के रूप में हुई है। दोनों थोकरपोरा (कैमोह) के निवासी हैं। इनके पास से दो पिस्तौल, दो मैगजीन और 25 राउंड पिस्तौल की गोलियां बरामद की गई हैं। यह कार्रवाई सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता और आतंक विरोधी अभियानों की सफलता को दर्शाती है।



