Ranchi : कांके थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक मां और उसकी स्कूली बेटी की मौत हो गई। मृतकों की पहचान रिनपास की नर्स रश्मि कश्यप और उनकी बेटी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, रश्मि अपनी बेटी को स्कूटी पर बैठाकर स्कूल छोड़ने जा रही थीं, तभी अचानक एक सीमेंट लदे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोग सड़कों पर उतर आए और हंगामा शुरू कर दिया। सड़क जाम के कारण लंबा जाम लग गया। मौके पर कांके थाना प्रभारी और पुलिस बल तुरंत पहुंचे और लोगों को शांत करने का प्रयास किया।
पुलिस मुख्यालय के वन डीएसपी अमर कुमार पांडेय ने बताया कि जोड़ा पुल के पास हुई इस दुर्घटना में मृतक मां-बेटी को अस्पताल ले जाने के प्रयास भी किए गए, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और वाहन चालक की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोग बता रहे हैं कि मृतक मां रश्मि कश्यप कांके के चूड़ी टोला में रहती थीं और उनका पति अफ्रीका में कार्यरत है। यह हादसा इलाके में डर और दुख का माहौल बना गया है।



