अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
रामगढ़/पतरातू : रामगढ़ जिले के पतरातू अनुमंडल क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चल रहे ‘एंटी क्राइम चेकिंग अभियान’ के तहत एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने जाल बिछाकर ब्राउन शुगर की तस्करी करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से भारी मात्रा में नकद और आपत्तिजनक सामग्री मिली है।
संदेह के आधार पर छापेमारी
पतरातू एसडीपीओ गौरव गोस्वामी ने प्रेस वार्ता में बताया कि संगठित अपराध और नशे के कारोबारियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस की टीमें लगातार गश्त कर रही थीं। इसी दौरान ‘शैतान चौक’ के पास एक मोटरसाइकिल सवार युवक की गतिविधियां संदिग्ध पायी गईं। पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया, तो उसने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने उसे तत्परता से धर दबोचा।
बरामदगी और कानूनी कार्रवाई
पकड़े गए आरोपी की पहचान पतरातू बस्ती निवासी विशाल कुमार के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से 6.9 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। इसके अलावा, पुलिस ने तस्करी की कमाई के 16,400 रुपये नकद, एक एंड्रॉयड मोबाइल और उसकी हीरो स्प्लेंडर बाइक (JH-24 N-7447) भी जब्त कर ली है।
एसडीपीओ के अनुसार, आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस सफल अभियान में निरीक्षक सत्येंद्र कुमार सिंह और क्षेत्र के विभिन्न थानों के प्रभारियों की अहम भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि क्षेत्र में नशा बेचने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

