जारी (गुमला): गुमला जिले के जारी प्रखंड अंतर्गत जरडा पंचायत भवन में पशुपालन विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को पशुपालन के आधुनिक एवं वैज्ञानिक तरीकों की जानकारी देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना तथा स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना था।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रखंड क्षेत्र के ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर पंचायत के मुखिया विनय एक्का सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रशिक्षकों ने पशु चिकित्सा, पशुओं की उचित देखभाल, समय पर टीकाकरण, संतुलित आहार व्यवस्था तथा विभिन्न रोगों से बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी।
प्रशिक्षकों ने कहा कि पशुपालन को व्यवसायिक रूप में अपनाकर ग्रामीण अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि कर सकते हैं। दुग्ध उत्पादन, बकरी पालन एवं अन्य पशुधन आधारित गतिविधियां ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि गुमला और रांची में आयोजित उन्नत प्रशिक्षण में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र (सर्टिफिकेट) एवं मानदेय भी प्रदान किया जाता है। इच्छुक ग्रामीण निर्धारित तिथि पर आवेदन कर प्रशिक्षण का लाभ उठा सकते हैं।
कुछ ग्रामीणों ने आगे भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लेने की इच्छा व्यक्त की। पशु चिकित्सा पदाधिकारी ने कहा कि विभाग द्वारा समय-समय पर जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण पशुपालन को अपनाकर आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें। कार्यक्रम का समापन आत्मनिर्भरता और जागरूकता के संदेश के साथ किया गया।
जारी प्रतिनिधि: मोहम्मद शोएब अख्तर की रिपोर्ट



