अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi News : शहर में सुगम यातायात व्यवस्था एवं जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए रांची नगर निगम ने महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नगर निगम क्षेत्र में कुल 31 वाहन पड़ाव स्थल और 3 ऑटो रिक्शा स्टैंड (रातू रोड न्यू मार्केट, पुरुलिया रोड सदर अस्पताल के पास एवं अरगोड़ा मैदान के समीप) निर्धारित किए हैं। प्रशासक के निर्देश पर 11 जून 2025 को नगर निगम की बाजार शाखा की गठित टीम ने इन सभी स्थलों की जांच की। जांच के दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि निर्धारित दरों पर ही पार्किंग शुल्क लिया जा रहा है या नहीं, पार्किंग व्यवस्थित है या नहीं और पर्ची दी जा रही है या नहीं। साथ ही, आम नागरिकों और ऑटो चालकों से भी अवैध वसूली की जानकारी एकत्र की गई।
टीम ने संवेदकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे निर्धारित क्षेत्र से बाहर कोई वसूली न करें और किसी भी हालत में निर्धारित दर से अधिक शुल्क न लें। किसी भी तरह की शिकायत मिलने पर अनुज्ञप्ति रद्द कर दी जाएगी और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सभी पार्किंग स्थलों पर साइन बोर्ड लगाना अनिवार्य किया गया है, जिस पर संवेदक का नाम, मोबाइल नंबर और वाहन पड़ाव की दरें स्पष्ट रूप से अंकित होंगी। नगर निगम ने यह भी स्पष्ट किया है कि इन 31 चिन्हित स्थलों के अलावा कहीं भी पार्किंग शुल्क लेना अवैध होगा। यदि कोई नागरिक या वाहन चालक अनधिकृत वसूली का शिकार होता है, तो वह तुरंत निगम के कंट्रोल रूम नंबर 18005701235 पर शिकायत दर्ज करा सकता है। इस अभियान में सहायक प्रशासक निकेश कुमार, नगर प्रबंधक और बाजार शाखा के अधिकारी मौजूद थे।
निगम द्वारा निर्धारित पार्किंग दर
- पहले 10 मिनट – निःशुल्क
- 10 मिनट से 3 घंटे तक – दोपहिया वाहन ₹10 और चारपहिया वाहन ₹30
रांची नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे मान्यता प्राप्त पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़ा करें और निर्धारित दर के अनुसार ही शुल्क का भुगतान करें।

