Ranchi News : लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला रविवार को पहली बार झारखंड दौरे पर रांची पहुंचे। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर उनका स्वागत केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और अन्य भाजपा नेताओं ने किया। रांची पहुंचते ही ओम बिरला सबसे पहले बिरसा चौक गए, जहां उन्होंने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।

बाद में वे ओल्ड जेल परिसर स्थित बिरसा मुंडा संग्रहालय पहुंचे, जहां उन्होंने बिरसा मुंडा के जीवन से जुड़ी वस्तुओं और स्मृतियों का अवलोकन किया। लोकसभा अध्यक्ष उस बैरक में भी गए जहां अंग्रेजों ने बिरसा मुंडा को कैद किया था और जहां उनका निधन हुआ था। ओम बिरला ने इस मौके पर कहा कि बिरसा मुंडा जनजातीय समाज के आत्मसम्मान और अधिकारों के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने समाज को आत्मबल दिया, जिससे वे अन्याय के खिलाफ खड़े हो सके।

उन्होंने कहा कि झारखंड की धरती जनजातीय संस्कृति की प्रतीक है और भगवान बिरसा मुंडा का जीवन आने वाली पीढ़ियों को संघर्ष, त्याग और समर्पण की सीख देगा। रांची विधायक सह पूर्व मंत्री सीपी सिंह और केंद्रीय मंत्री संजय सेठ भी उनके साथ मौजूद थे।

इसके बाद ओम बिरला राजभवन पहुंचे, जहां राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव डॉ. नितिन कुलकर्णी ने उनका स्वागत किया। इस दौरान भी रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ मौजूद थे।

ओम बिरला ने कहा कि जनजातीय समाज ने देश की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने में अहम भूमिका निभाई है। आज भी देश के कई हिस्सों में आदिवासी समुदाय भारतीय संस्कृति की परंपराओं को जीवंत बनाए हुए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे वीर सपूतों की जन्मभूमि और कर्मभूमि को विकसित करना देश का कर्तव्य है और इस दिशा में कई सकारात्मक कदम उठाए गए हैं।

बिरसा मुंडा संग्रहालय का दौरा करने के बाद लोकसभा अध्यक्ष जमशेदपुर रवाना हो गए, जहां वे सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।

Share.
Exit mobile version