जगतसिंहपुर: ओडिशा के जगतसिंहपुर जिले में एक 23 वर्षीय युवती के साथ हुई बर्बरता ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने इस मामले में मृतका के प्रेमी और एक अन्य मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर बलात्कार, हत्या और साक्ष्य मिटाने के गंभीर आरोप हैं। पुलिस अधीक्षक (एसपी) अंकित कुमार वर्मा ने शुक्रवार को इस ‘ब्लाइंड मर्डर केस’ का खुलासा करते हुए बताया कि मुख्य आरोपी झारखंड के धनबाद का निवासी है और पारादीप की एक निजी कंपनी में कार्यरत है।
शादी का झांसा और प्रेमी की धोखेबाजी
जांच के अनुसार, इस खौफनाक घटना की शुरुआत पिछले रविवार को हुई। पीड़िता अपने 31 वर्षीय प्रेमी के साथ विवाह करने के उद्देश्य से तिरतोल स्थित एक मंदिर गई थी। लेकिन वहां प्रेमी ने उसे धोखा दे दिया और मारपीट कर एक सुनसान बस स्टैंड पर अकेला छोड़कर फरार हो गया।
लिफ्ट के बहाने दरिंदगी और हत्या
अकेली और असुरक्षित युवती को बस स्टैंड पर देख झारखंड निवासी 24 वर्षीय आरोपी ने उसे अपनी मोटरसाइकिल पर लिफ्ट देने का झांसा दिया। मदद के भरोसे युवती उसके साथ चली गई, लेकिन आरोपी उसे अपने किराए के मकान पर ले गया और वहां उसके साथ बलात्कार किया। जब पीड़िता ने पुलिस में शिकायत करने की बात कही, तो आरोपी ने पकड़े जाने के डर से उसे इमारत की चौथी मंजिल से नीचे धक्का दे दिया। सिर में गंभीर चोट और अत्यधिक खून बहने के कारण युवती की मौके पर ही मौत हो गई।
CCTV और पोस्टमार्टम ने खोले राज
सोमवार तड़के युवती का शव बरामद होने के बाद पुलिस ने वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू की। घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी फुटेज में युवती को आरोपी के साथ इमारत में जाते हुए देखा गया, जिससे पुलिस को अहम सुराग मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी यौन उत्पीड़न की पुष्टि हुई है। पुलिस ने आरोपी की मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। मृतका के भाई द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।
Read more: ओडिशा में दरिंदगी: बदमाशों ने 15 वर्षीय किशोरी को जिंदा जलाया, हालत गंभीर



