Bhagalpur : महिलाओं को आत्मनिर्भर और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से बिहार सरकार ने मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की शुरुआत कर दी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को पटना में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में योजना का औपचारिक शुभारंभ किया। इस मौके पर कार्यक्रम का लाइव प्रसारण सभी जिलों और प्रखंडों में किया गया, ताकि जीविका दीदियां सीधे जुड़ सकें।

भागलपुर समाहरणालय स्थित समीक्षा भवन में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, जिला परिषद अध्यक्ष मिथुन यादव, उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, प्रशिक्षु आईएएस जतिन कुमार, डीआरडीए निदेशक और जीविका के डीपीएम मौजूद रहे।

जिलाधिकारी ने जीविका दीदियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह योजना पूरी तरह निःशुल्क है और सभी पात्र महिलाओं को इसका लाभ मिलेगा। जीविका स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं अपने समूह और ग्राम संगठन के माध्यम से आवेदन पत्र भर सकेंगी। आवेदन प्रक्रिया आज से अगले दो दिनों तक चलेगी। इसके लिए ग्राम संगठन स्तर पर विशेष शिविर और टीम बनाई गई है, ताकि महिलाओं को किसी प्रकार की दिक्कत न हो। आवेदन पत्र के साथ आधार कार्ड और बैंक पासबुक की प्रति लगानी होगी।

योजना के तहत प्रत्येक पात्र महिला को पहली किश्त के रूप में 10,000 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी। इस राशि का उपयोग स्वरोजगार की शुरुआत के लिए करना होगा। छह माह के मूल्यांकन के बाद अतिरिक्त सहायता राशि भी प्रदान की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि इससे ग्रामीण महिलाओं को रोजगार का नया अवसर मिलेगा और जिले की आर्थिक प्रगति को बल मिलेगा।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के प्रचार-प्रसार के लिए जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। राज्यभर में कुल 250 जागरूकता रथ चलाए जाएंगे, जो योजना की जानकारी को घर-घर तक पहुंचाएंगे।

योजना से न केवल महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बल मिलेगा, बल्कि जीविका से जुड़े हर परिवार की महिला सदस्य को भी विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का अवसर मिलेगा।

Share.
Exit mobile version