Bihar News: केंद्रीय उपभोक्ता, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण राज्य मंत्री बीएल वर्मा ने बिहार दौरे पर बड़ा राजनीतिक बयान देते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में फिर से एनडीए की सरकार बनेगी। उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को मजबूत और निर्णायक बताते हुए कहा कि एनडीए के सभी घटक दल उनके हर फैसले के साथ खड़े रहेंगे।

रविवार को पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए वर्मा ने कहा कि सीएम पद को लेकर कोई भ्रम नहीं होना चाहिए। पीएम नरेंद्र मोदी जो तय करेंगे, वही सभी को स्वीकार होगा। उन्होंने यह भी कहा कि एनडीए गठबंधन पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगा और जीत हासिल करेगा। वर्मा ने विश्वास जताया कि चिराग पासवान और जीतन राम मांझी भी समय आने पर पीएम मोदी के नेतृत्व में लिए गए फैसलों को मानेंगे।

उन्होंने विपक्षी इंडिया गठबंधन पर तंज कसते हुए कहा कि चाहे वे कितनी भी बैठकें कर लें, बिहार की जनता मोदी जी के नेतृत्व में ही भरोसा जताएगी। देश में विकास की जो गति मोदी सरकार के कार्यकाल में आई है, बिहार भी उसी रफ्तार से आगे बढ़ेगा।

पहलगाम आतंकी हमले को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए बीएल वर्मा ने कहा कि कांग्रेस के कुछ नेता ऐसे बयान देते हैं जो पाकिस्तान को पसंद आते हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सेना का मनोबल तोड़ने की कोशिश की जाती है, लेकिन हमारी सेना हर चुनौती के लिए तैयार है और समय आने पर पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।

वर्मा अपने दौरे में मुजफ्फरपुर के सकरा में आंबेडकर सम्मान अभियान के तहत आयोजित विचार गोष्ठी को भी संबोधित करेंगे।

Share.
Exit mobile version