Patna News: बिहार में यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को 01 अणे मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास से 71 नए पुलिस वाहनों का लोकार्पण किया। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर इन वाहनों को रवाना किया, जो अब राज्य के विभिन्न जिलों में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने में काम आएंगे।
इन वाहनों को विशेष रूप से राष्ट्रीय राजमार्गों, राज्य राजमार्गों और शहरी क्षेत्रों में ट्रैफिक नियंत्रण, निगरानी और कानून-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए तैनात किया जाएगा। इसके साथ ही सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और ट्रैफिक नियमों के प्रभावी पालन पर भी कड़ी नजर रखी जा सकेगी।
लोकार्पण से पहले मुख्यमंत्री ने वाहनों का निरीक्षण किया और उनकी कार्यप्रणाली को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि इन पुलिस वाहनों की सहायता से राज्य की पुलिसिंग दक्षता और बढ़ेगी और यातायात व्यवस्था और अधिक संगठित हो सकेगी।
कार्यक्रम के दौरान राज्य के पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने मुख्यमंत्री का स्वागत एक हरित पौधा भेंट कर किया। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बिहार में कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत है, और ये वाहन इस दिशा में एक मजबूत कदम हैं।



