Patna News: बिहार में एनडीए की प्रचंड जीत के बाद नई सरकार के गठन की सुगबुगाहट तेज हो गई है। इसी क्रम में गांधी मैदान में नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मंगलवार की शाम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खुद मैदान पहुंचकर संपूर्ण व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
नीतीश कुमार ने देर शाम गांधी मैदान पहुंचकर की समीक्षा
समारोह को लेकर पूरा प्रशासनिक अमला तैयारी में जुटा हुआ है। नीतीश कुमार के साथ उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित मंत्री विजय कुमार चौधरी, नितिन नबीन, संजय सरावगी और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने मंच निर्माण, अतिथियों की बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और आम जनता के प्रवेश मार्ग की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोई भी व्यवस्था अधूरी न रहे और प्रत्येक व्यवस्था वीवीआईपी सुरक्षा मानकों के अनुरूप हो।
वीवीआईपी मानकों के तहत बन रहा है मुख्य मंच
गांधी मैदान में मुख्य मंच के निर्माण से लेकर साउंड सिस्टम और पंडाल तक की व्यवस्थाओं को विशेष ध्यान के साथ तैयार किया जा रहा है। सुरक्षा को देखते हुए मैदान को कई सेक्टरों में बांटा गया है ताकि भीड़ प्रबंधन में आसानी हो सके। भाजपा की ओर से कहा गया है कि यह सिर्फ राजनीतिक समारोह नहीं बल्कि जनआभार उत्सव होगा, जिसमें लाखों समर्थक शामिल होंगे।
दो से तीन लाख समर्थकों के शामिल होने की संभावना
जानकारी के अनुसार, समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और कई वरिष्ठ नेता भी शामिल हो सकते हैं। बताया जा रहा है कि एनडीए अपनी इस जीत को जनता के विश्वास का उत्सव मानकर पूरे भव्य तरीके से आयोजन करने की योजना बना रहा है। करीब दो से तीन लाख लोगों के आने की संभावना को देखकर सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को लेकर विशेष योजना बनाई जा रही है।
इस बार के चुनाव में भाजपा ने 89 सीटें हासिल की हैं, जबकि जेडीयू को 85 सीटें मिली हैं। लोजपा (रामविलास) को 19 सीटें और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा व राष्ट्रीय लोक मोर्चा को कुल 9 सीटों पर सफलता मिली है।



