Patna News: बिहार की राजनीति में इन दिनों काफी हलचल मची हुई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आगामी 16 जनवरी से अपनी ‘समृद्धि यात्रा’ पर निकलने वाले हैं, लेकिन उससे पहले उन्होंने कैबिनेट की इमरजेंसी बैठक बुलाकर सबको चौंका दिया है। कल यानी मंगलवार, 13 जनवरी को सुबह 11 बजे पटना के मुख्य सचिवालय में मंत्रियों का जमावड़ा लगने वाला है।
नौकरी और रोजगार पर टिकी हैं सबकी नजरें!
इस कड़ाके की ठंड और कनकनी के बीच बिहार के बेरोजगार युवाओं के लिए अच्छी खबर आ सकती है। चर्चा तेज है कि नए साल की इस पहली कैबिनेट बैठक में नीतीश सरकार रोजगार और नई भर्तियों को लेकर बड़ा एलान कर सकती है। सात निश्चय-3 के तहत राज्य को विकसित बनाने का जो खाका 16 दिसंबर को खींचा गया था, उसे अब अमलीजामा पहनाने की तैयारी है।
समृद्धि यात्रा का ‘वार्म-अप’ है यह बैठक?
16 जनवरी से शुरू होने वाली यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री जिलों में जाकर सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत परखेंगे। ऐसे में कल की बैठक में बुनियादी ढांचे (Infrastructure) और प्रशासनिक सुधारों से जुड़े प्रस्तावों पर मुहर लग सकती है, ताकि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री जनता के बीच ठोस उपलब्धियां रख सकें। दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा के साथ पूरी कैबिनेट इस बैठक में विकास के नए एजेंडे पर चर्चा करेगी।
इस खबर को भी पढ़ें : नीतीश कुमार की ‘सोलहवीं’ हुंकार: बिहार फतह के लिए फिर निकलेंगे यात्रा पर!



