Patna : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। गुरुवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना के होटल मौर्या में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बंद कमरे में लगभग आधे घंटे तक बातचीत की। यह मुलाकात राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है।
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दलों के बीच सीट बंटवारे और चुनावी रणनीति पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। इस दौरान जदयू और भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे, जिनमें उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, विजय कुमार चौधरी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल शामिल थे।
मुलाकात के बाद गृह मंत्री शाह अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत रोहतास जिले के डेहरी ऑन सोन रवाना हुए। वहां वे शाहाबाद प्रक्षेत्र और मगध के पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। उनके साथ दोनों उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा और सम्राट चौधरी तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जायसवाल भी मौजूद हैं।
राजग के भीतर सीट शेयरिंग को लेकर अभी भी पेंच फंसा हुआ है। हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के नेता जीतन राम मांझी 15 से 20 सीटों की मांग कर रहे हैं, जबकि चिराग पासवान जदयू की परंपरागत सीटों पर दावा जता रहे हैं। ऐसे में भाजपा, जदयू, लोजपा (रामविलास) और अन्य सहयोगियों के बीच सहमति बनाना चुनौती बना हुआ है। अमित शाह का यह दौरा इन समीकरणों को सुलझाने के लिहाज से अहम माना जा रहा है।



