अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Interesting News: दुनिया में चोरी की कई वारदातें फिल्मी स्क्रिप्ट जैसी होती हैं, और न्यूजीलैंड से सामने आया एक ऐसा ही मामला इन दिनों सुर्खियों में है। सेंट्रल ऑकलैंड के पैट्रिज ज्वैलर्स में एक 32 वर्षीय शख्स ने ₹17 लाख रुपये से भी ज्यादा कीमत का एक बेहद महंगा और विशेष हीरा-जड़ा लॉकेट चुरा लिया- और भागने से पहले ही उसे निगल लिया।
चोर को कुछ ही मिनटों में गिरफ्तार कर लिया गया, लेकिन असली ड्रामा तो उसके बाद शुरू हुआ। लॉकेट उसके पेट में था, और पुलिस ने जेम्स बॉन्ड फिल्म की तरह काम करते हुए करीब छह दिनों तक आरोपी पर कड़ी निगरानी रखी।
पुलिस का सख्त पहरा और ‘प्राकृतिक’ बरामदगी
पुलिस ने बयान में पुष्टि की कि पेंडेंट को बाद में बरामद कर लिया गया है और वह अब पुलिस की कस्टडी में है। आरोपी का तुरंत मेडिकल कराया गया और उसकी निगरानी की गई, क्योंकि लॉकेट न केवल महंगा था, बल्कि उसका आकार भी करीब 3.3 इंच था।
रिपोर्ट में पुलिस के हवाले से बताया गया है कि लॉकेट को निकालने के लिए डॉक्टर की मदद नहीं लेनी पड़ी। इसे पुलिस ने ‘प्राकृतिक’ तरीके से बरामद किया। इसके लिए एक पुलिस अधिकारी को लगातार 6 दिन तक आरोपी पर नज़र रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
लॉकेट की खासियत: जेम्स बॉन्ड फिल्म से प्रेरित
यह लॉकेट कोई साधारण ज्वैलरी नहीं था। ज्वैलर्स की वेबसाइट बताती है कि यह ‘ऑक्टोपसी’ नामक एक खास एडिशन था। इसे 1983 की जेम्स बॉन्ड फिल्म ‘ऑक्टोपसी’ से प्रेरित होकर बनाया गया था, जो फैबर्ज अंडे की चोरी पर आधारित थी। इस स्पेशल लॉकेट में 60 सफेद हीरे, 15 नीले नीलम जड़े थे, और जब यह खुलता था तो इसके अंदर 18 कैरेट सोने का एक छोटा ऑक्टोपस दिखता था, जिसकी आँखों में काले हीरे लगे थे। इस खास एडिशन के दुनिया भर में सिर्फ 50 पीस ही बनाए गए थे।

